खाकी का रौब दिखाकर व्यापारी के कर्मचारी से 9.50 लाख की लूट
गोरखपुर (शशि जायसवाल)। शहर के व्यस्ततम इलाके कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस की वर्दी का फायदा उठाकर एक जालसाज ने आभूषण व्यापारी के कर्मचारी से साढ़े नौ लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और 'जीएसटी के कागज' दिखाने का बहाना बनाकर चंपत हो गया।
चेकिंग के नाम पर दिया झांसा
मिली जानकारी के अनुसार, पीपीगंज निवासी बलिराम जायसवाल की घंटाघर में सोने-चांदी की दुकान है। शुक्रवार सुबह करीब 11:15 बजे उनका कर्मचारी संजय पाल 9.50 लाख रुपये नकद लेकर पंजाब नेशनल बैंक (गीता प्रेस रोड) जमा करने निकला था। वह अभी कालीबाड़ी मंदिर के पास मुंबई क्लॉथ हाउस तक ही पहुँचा था कि पुलिस की पैंट और जैकेट पहने एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रोक लिया।
'कागज लाओ, तब पैसा मिलेगा'
जालसाज ने कर्मचारी पर धौंस जमाते हुए बैग छीन लिया। उसने कर्मचारी को डराते हुए कहा कि वह जीएसटी चोरी का पैसा ले जा रहा है और आदेश दिया कि पहले दुकान से जीएसटी के कागजात लेकर आए, तभी यह रकम वापस मिलेगी। घबराया हुआ कर्मचारी तुरंत दुकान लौटा और मालिक को आपबीती सुनाई। जब तक व्यापारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, आरोपी फरार हो चुका था।
व्यापारियों में भारी आक्रोश
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों ने इस घटना को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया है। पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर देकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
अभिनव त्यागी, एसपी सिटी का कहना है कि -"मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होगा।"