खैरथल-किशनगढ़बास में गणेश चतुर्थी का उत्सवः मंदिरों और चौकों पर प्रतिमा स्थापना, बच्चों की प्रतियोगिताएं भी होंगी
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
गणेश चतुर्थी का पर्व बुधवार को खैरथल और किशनगढ़बास में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के मंदिरों और प्रमुख चौकों पर गणपति बप्पा की प्रतिमाओं की स्थापना हुई। भक्तों ने शोभायात्राओं और आरती के माध्यम से गणेश उत्सव को भक्ति के रंगों से सराबोर कर दिया।
खैरथल शहर में विभिन्न स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गईं। श्रद्धालु प्रतिमा को हाथों में लेकर प्रमुख मार्गों से फेरी निकालते हुए पूजा-अर्चना करते रहे। गणपति ग्रुप की ओर से चूड़ी मार्केट के सामने गणेश स्थापना एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस मौके पर झूलेलाल मंदिर के महंत बाबा शीतल दास, प्रेम प्रकाश आश्रम के महंत हरीश साईं, विधायक दीपचंद खैरिया सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और दुकानदार उपस्थित रहे। जयकारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
इधर रेलवे फाटक के पास किशनगढ़ बास रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पीछे मेमसाब बुटिक के पास चतुर्थ विशाल गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया। प्रातः सवा दस बजे भगवान गणेश जी की प्रतिमा का नगर भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें गौतम भूरानी, महेश पोपटानी, प्रकाश चंदवानी,जय चंदवानी के साथ - साथ अनेकों महिला एवं पुरुष श्रद्धालु चल रहे थे। इस नगर भ्रमण में भगवान गणेश जी के साथ साथ नागरिकों को ऑनलाइन खरीदारी से बचने व स्थानीय दुकानदारों से सामान खरीदने की भी अपील करते हुए चल रहे थे। इसके बाद सवा ग्यारह बजे प्रतिमा की स्थापना की गई।
किशनगढ़बास में गणेश महोत्सव का आगाज
किशनगढ़बास में श्री गणेश मित्र मंडल की ओर से भव्य गणेश महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पुराना बाजार स्थित गंगा मंदिर से निकली कलश यात्रा ने नगर को भक्तिमय बना दिया। प्रातः 11:15 बजे गणेश प्रतिमा की स्थापना विधि-विधान से की गई। समिति की ओर से महिलाओं को निशुल्क कलश उपलब्ध कराए गए।
आयोजक चंद्र प्रकाश शर्मा और नुरेश वशिष्ठ ने बताया कि इस बार भी बच्चों के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। 28 अगस्त से 31 अगस्त तक देवी-देवता स्वरूप प्रतियोगिता होगी, जबकि 1 सितम्बर से 5 सितम्बर तक एकल नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों को उपहार दिए जाएंगे और विजेताओं को विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।
घंटाघर चौक पर भी प्रतिमा स्थापना
किशनगढ़बास के घंटाघर चौक पर भी गणेश प्रतिमा की स्थापना हुई। यहां आयोजित आरती में संयुक्त व्यापार महासंघ के अध्यक्ष परमानंद लख्यानी, पूर्व सरपंच जनेश भूटानी, किराना व्यापार समिति अध्यक्ष मदनलाल सहित अनेक लोग शामिल हुए।
महोत्सव का समापन 6 सितम्बर को शाम 5 बजे गणेश विसर्जन शोभायात्रा के साथ होगा, जो किशनगढ़ पीजी कॉलेज प्रांगण से निकलेगी।
धीरज सोनी, दीपक सैन, विक्की सोनी और पीयूष शर्मा ने बताया कि ये महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था को बढ़ावा देता है बल्कि बच्चों को अपनी कला और प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर भी प्रदान करता है।


