ड्राइवर ने बहते पानी में उतारी बस :45 यात्रियों की जान डाली खतरे में, बस ने करीब 30 सैकण्ड में किया रपट को पार
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)
उच्चैन थाना क्षेत्र के सेवला हेड पर एक बस ड्राइवर ने करीब 45 यात्रियों की जान को खतरे में डाल दिया। करीब 30 सैकण्ड के लिए सभी यात्रियों की सांसें थम गई।बस ड्राइवर सेवला हेड पर चल रही रपट से यात्रियों से भरी बस को पार करके ले गया। उस दौरान वहां कोई पुलिसकर्मी भी तैनात नहीं था।बस रुदावल से भरतपुर की तरफ आ रही थी।
पुलिस हटाई तो गुजरी बस
उच्चैन थानाधिकारी गिर्राज सिंह ने बताया कि पांचना बांध से छोड़ा गया पानी बयाना की गंभीर नदी होते हुए सेवला हेड पर आ रहा है। पानी की आवक ज्यादा होने के कारण सेवला से रुदावल जाने वाले रास्ते पर रपट चल रही है।दो दिन पहले तक 3 से 4 फीट की रपट चल रही थी। इसलिए सेवला हेड पर उच्चैन थाना से एक पुलिस कर्मी तैनात किया गया था। वहीं रुदावल से सेवला आने वाले रास्ते पर पुलिस लाइन का जाप्ता तैनात किया गया था। अब पानी की आवक कम हुई है।इस समय सेवला से रुदावल जाने वाले रास्ते पर एक से डेढ़ फुट तक की रपट चल रही है। इसलिए अब पुलिस जाप्ता को वहां से हटा दिया गया है। इसलिए बस ड्राइवर बस को वहां से निकाल ले गया।

