शादी की खुशियां मातम में बदली: हल्दी की रस्म के दौरान दुल्हन की संदिग्ध मौत
खैरथल (अनिल गुप्ता) खैरथल-तिजारा जिले में एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहाँ शादी से चंद घंटे पहले एक दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे और हल्दी की रस्म चल रही थी, तभी अचानक 23 वर्षीय लक्ष्मी की तबीयत बिगड़ी और खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
मृतका के पिता कमलेश ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8 बजे घर में हल्दी और मेहंदी का कार्यक्रम चल रहा था। लक्ष्मी अपनी बहनों के साथ नाच-गा रही थी और बेहद खुश थी। इसी बीच उसने अचानक घबराहट और उल्टी होने की शिकायत की। परिजनों ने उसे जूस पिलाकर कमरे में आराम करने के लिए लेटा दिया।
कुछ देर बाद जब माँ ने लक्ष्मी को उठाने की कोशिश की, तो वह अचेत (बेहोश) मिली। परिजन उसे तुरंत खैरथल अस्पताल ले गए, जहाँ से उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों और परिजनों द्वारा शुरुआती तौर पर 'साइलेंट हार्ट अटैक' की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।
लक्ष्मी और उसकी चचेरी बहन पलक की शादी बुधवार को एक साथ होनी थी। मुंडावर के भानौत गांव से बारात आने वाली थी। लक्ष्मी बीए फाइनल ईयर की छात्रा थी और अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


