कॉलेज में घुसा 15 फीट लंबा अजगर:बैंच के ऊपर बैठे स्टूडेंट्स में मची अफरा-तफरी, वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
अलवर शहर के कॉमर्स कॉलेज में 15 फीट लंबर अजगर घुस आया। मंगलवार सुबह सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा देने आए अभ्यर्थी जिस बेंच पर बैठे थे उसी के नीचे अजगर था। अचानक अभ्यर्थियों की नजर पड़ी तो इधर-उधर भागे। उसके बाद वनकर्मियों को बुलाकर अजगर को पकड़ा गया।
कॉमर्स कॉलेज में अपने साथी को एग्जाम दिलाने आए अनिल कुमार ने बताया कि सुबह करीब सवा सात बजे कॉलेज पहुंच गए थे। वहां एग्जाम सेंटर एंट्री से पहले कॉलेज परिसर में बेंच पर बैठ गए थे। जब बेंच के नीचे नजर गई तो अजगर दिखाई दिया। यह देख अभ्यर्थी भागे। उसके बाद वन विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया। करीब 1 घंटे में वनकर्मियों की टीम पहुंच गई थी। उसके बाद अजगर का रेस्क्यू किया और जंगल में छोड़ा गया।
पहले मेडिकल कॉलेज के पास दिखा था
करीब 1 महीने पहले अलवर शहर में मेडिकल कॉलेज के पास अजगर दिखा था। जो देर रात नजर आया था। लेकिन उसे पकड़ा भी नहीं जा सका। मेडिकल कॉलेज के आसपास खेत पड़े हैं। बड़ा नाला भी है। यहां आसपास से सांप और अजगर सहित कई तरह जीव निकल आते हैं। जिसके कारण सावधानी रखनी पड़ती है।