उपखंड अधिकारी ने किया राजकीय महिला पुरुष चिकित्सालयों का निरीक्षण दिए सुधार के आवश्यक दिशा निर्देश
राजगढ़ (अलवर) अनिल गुप्ता
राजगढ़ कस्बे के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के महिला-पुरूष चिकित्सालय का उपखण्ड अधिकारी सीमा मीना ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर चिकित्सा अधिकारियों व कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मीना ने चिकित्सालय के जर्जर भवन, चिकित्सालय में बनने वाले ट्रोमा सेन्टर का स्थान, ओपीडी, आईपीडी, दवा वितरण केन्द्र, सोनोग्राफी कक्ष, निःशुल्क जांच केन्द्र, महिला-पुरूष वार्डों, आपातकालीन वार्ड, टीकाकरण कक्ष व चिकित्सकों के आवासों की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीमा मीना ने उपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। मीना ने सीएचसी प्रभारी अधिकारी डॉ. आरसी मीना को भविष्य में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नियमित बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्यवाही करने के दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की बात दोहराई। इस अवसर पर डॉ. जितेन्द्र पाल मीना, डॉ. मीना गुप्ता, डॉ. राजीव मीना, नर्सिंग ऑफिसर मांगेलाल मीना आदि मौजूद रहे।

