दिल्ली-मुबंई एक्सप्रेस-वे पर नींद की झपकी आने से ट्रक और ट्रेलर की टक्कर:ड्राइवर की मौत
अलवर के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई थी।
घटना रात करीब साढ़े 12 बजे की है। ट्रक ट्रेलर में ड्राइवर साइड से टकरा गया। गंभीर हालत में चालक को अलवर जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार दोपहर गोविंदगढ़ पुलिस ने पोस्ट मार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक की पहचान समीम बेग पुत्र सब्बीर बेग, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम बालेली, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। समीम ट्रक चालक था और यमुनानगर (हरियाणा) से मुंबई (ठाणे) की ओर प्लाईबोर्ड लेकर जा रहा था। हादसे के समय ट्रक में उसके साथ कंडक्टर सीट पर बैठे वकील बेग बाल-बाल बच गए। उन्हें कोई चोट नहीं आई।
परिजनों के अनुसार समीम बेग दो बच्चों का पिता था और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कर दिया है।

