आयुर्वेद भारत की प्राचीन, वैज्ञानिक एवं प्रभावी चिकित्सा पद्धति -डॉ शैलेश सिंह
डीग (नीरज जैन) डीग जिले के कुम्हेर उपखंड की ग्राम पंचायत बैलारा कला में राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेद अंतरंग क्षारसूत्र शल्य चिकित्सा शिविर का उद्घाटन डीग–कुम्हेर के भाजपा विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर उपस्थित संभागियों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन, वैज्ञानिक एवं प्रभावी चिकित्सा पद्धति है, जिससे आज न केवल देश बल्कि संपूर्ण विश्व लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा प्राकृतिक, सुरक्षित एवं बिना दुष्प्रभाव वाली है, जो शरीर, मन और आत्मा—तीनों के संतुलन पर आधारित है। क्षारसूत्र जैसी शल्य चिकित्सा पद्धति आधुनिक तकनीक के साथ आयुर्वेद की उपयोगिता को सिद्ध करती है, जिससे जटिल रोगों का भी सरल और किफायती उपचार संभव है।
डॉ. सिंह ने आयुष विभाग एवं चिकित्सा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के पास गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में कुम्हेर प्रधान देवी सिंह, भाजपा कुम्हेर शहर मंडल अध्यक्ष प्रशांत उपाध्याय, सूर्यप्रकाश आर्य, आयुर्वेद विभाग के चिकित्सक, सुरेश बैलारा, टिंकू बैलारा, बबलू बैलारा सहित भाजपा कार्यकर्ता, संभागी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।