भरतपुर स्थापना दिवस को सार्थक एवं परिणामोन्मुख बनाने के दिए सुझाव

Jan 17, 2026 - 10:28
 0
भरतपुर स्थापना दिवस को सार्थक एवं परिणामोन्मुख बनाने के दिए सुझाव

भरतपुर। (विष्णु मित्तल) भरतपुर स्थापना दिवस के अवसर को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए उसे नगर के वर्तमान, भविष्य और नागरिक चेतना से जोड़ने की आवश्यकता है। इसी क्रम में समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर भरतपुर स्थापना दिवस को अधिक उपयोगी, अनुकरणीय एवं दीर्घकालीन प्रभाव उत्पन्न करने के सम्बन्ध में अनेक सुझाव दिए हैं।

गुप्ता ने पत्र में कहा कि पूर्व के अनुभव यह दर्शाते हैं कि पूरे शहर को एक ही दिन में सम्पूर्ण रूप से सफाई करना व्यवहारिक नहीं है। स्वच्छता एक निरंतर प्रक्रिया है, जिसके लिए चरणबद्ध और संस्थागत प्रयास आवश्यक हैं। इसलिए स्थापना दिवस के अवसर पर मॉडल स्वच्छता अभियान प्रारंभ किया जाना चाहिए, जो पूरे शहर के लिए प्रेरणा का कार्य करे।

प्रस्तावित मॉडल स्वच्छता अभियान के अंतर्गत जिला कलेक्ट्रेट, उपखंड कार्यालय, तहसील, विकास विभाग, नगर निगम सहित सभी राजकीय कार्यालयों और प्रशासनिक भवनों की आंतरिक एवं बाह्य स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए, साथ ही सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, चिकित्सालयों एवं सार्वजनिक भवनों के शौचालयों की गहन सफाई, जल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और नियमित रखरखाव की मानक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विशेष स्वच्छता सत्र आयोजित कर छात्रों और कर्मचारियों को “स्वच्छ कार्यालय – स्वच्छ संस्थान” की शपथ दिलाई जाए।

इसके साथ ही भरतपुर स्थापना दिवस पर “भरतपुर विकास दृष्टि (2030 एवं 2047)” को सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत करने का सुझाव भी दिया गया। इस विकास संवाद के माध्यम से नागरिकों के समक्ष शहर की वर्तमान स्थिति, मध्यकालीन विकास लक्ष्य (2030) तथा दीर्घकालीन विजन (2047) को स्पष्ट रूप से रखा जाए। इसमें आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास आधारित शहरी मॉडल को शामिल किया जाए।

गुप्ता ने कहा कि यदि यह विकास दृष्टि प्रेजेंटेशन, पुस्तिका या सार्वजनिक संवाद के रूप में नागरिकों के साथ साझा की जाती है, तो जन-जागरूकता, उत्तरदायित्व की भावना और प्रशासन के साथ सहभागिता स्वतः विकसित होगी।

ज्ञातत्व रहे कि पूर्व में भरतपुर स्थापना दिवस के अवसर पर स्वयं सेवी संस्थाओं, जिला प्रशासन एवं नागरिकों के सहयोग से पूरे शहर में एक माह तक सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का सन्देश दिया गया था ! इसके साथ ही भरतपुर के इतिहास, वीरगाथाओं और विकास पर आधारित गोष्ठियों का आयोजन भी किया गया था !

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन पहलों के माध्यम से भरतपुर स्थापना दिवस को नीति, योजना और जन-भागीदारी का सशक्त मंच बनाया जा सकता है, जो आने वाले वर्षों में भरतपुर को एक स्वच्छ, हरित और सशक्त नगर के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................