कारोई पुलिस की बड़ी कार्यवाही, खेत मे कुओ से पानी की मोटरे चोरी का किया खुलासा; 6 गिरफ़्तार
भीलवाड़ा (बद्रीलाल माली) भीलवाड़ा जिले के कारोई थाना क्षेत्र में खेतों से पानी की मोटर चोरी के मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। कारोई थाना पुलिस ने जांच के बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह पानी की मोटर, केबल और वारदात में इस्तेमाल किया गया टेंपो जब्त किया है। यह कार्रवाई जनवरी में दर्ज शिकायतों के आधार पर की गई।
- खेत से मोटर चोरी की दर्ज हुई थी रिपोर्ट
कारोई थाना प्रभारी महावीर प्रसाद ने बताया कि 11 जनवरी को दौलतपुरा निवासी बबलू गुर्जर ने थाने में रिपोर्ट दी थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी कृषि भूमि डोलपुरा में कुएं पर लगी पानी की मोटर 4 जनवरी को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
- आसपास के खेतों से भी हुई थीं चोरी की वारदातें
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि पास ही स्थित भंवरलाल गुर्जर और कैलाश गुर्जर के खेतों से भी कुछ दिन पहले पानी की मोटर चोरी हो चुकी थी। इसके अलावा आसपास के कई किसानों के कुओं से मोटर और केबल चोरी की घटनाएं सामने आई थीं।
- 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले
लगातार हो रही चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान टीम ने 100 से 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, रूट चार्ट तैयार किया और पहले से चालानशुदा अपराधियों से पूछताछ की।
- छह आरोपियों की गिरफ्तारी, सामान बरामद
जांच के बाद पुलिस ने कुओं से मोटर और केबल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से चोरी की छह पानी की मोटर, केबल और वारदात में इस्तेमाल किया गया टेंपो जब्त किया है।
- इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने कैलाश चंद्र (28) पिता भवर भील निवासी कारोई, सुरेश (23) पिता तेजू भील निवासी कारोई, पप्पू (22) पिता शंकर भील निवासी कारोई, राकेश निवासी कारोई और रतन (19) पिता भेरुलाल भील निवासी कारोई को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी में शामिल रही पुलिस टीम
आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में कारोई थाना प्रभारी महावीर प्रसाद, हेड कांस्टेबल दिनेश, कांस्टेबल हेमेंद्र, जितेंद्र, रामचंद्र, युवराज और धर्मवीर शामिल रहे।
- पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से भी मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से डिटेल पूछताछ कर रही है और अन्य चोरी की वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।