अकेले 2,560 पंजीकरण कर सचिन ने कायम की मिसाल, पीएम के कार्यक्रम में अब युवाओं को करेंगे संबोधित
चौरीचौरा (शशि जायसवाल) युवाओं को डिजिटल अभियान से जोड़ने में चौरीचौरा के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ता सचिन गौरी वर्मा ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सचिन ने अपने व्यक्तिगत रेफरल कोड से अकेले 2,560 युवाओं का सफल पंजीकरण कराया है। उपलब्ध जिलावार आंकड़ों के अनुसार उनका व्यक्तिगत प्रयास प्रदेश के 29 जिलों के संबंधित अवधि के कुल पंजीकरण से भी अधिक है।
सचिन की इस उपलब्धि पर जिला युवा अधिकारी सीमा पाण्डेय ने उन्हें बधाई देते हुए उनके प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकारी कार्यक्रमों और अवसरों से जोड़ने में सचिन की सक्रियता अन्य स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणादायक है।
इसी क्रम में 27 अगस्त को महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में युवाओं के लिए विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से युवाओं से संवाद करेंगे। खास बात यह है कि इस कार्यक्रम में सचिन गौरी वर्मा भी युवाओं के लिए एक विशेष सेशन लेंगे। प्रधानमंत्री के युवा संवाद वाले कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करने का अवसर मिलना सचिन के लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ पूरे चौरीचौरा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है।

