दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रक पलटा, टायर फटने से हुआ हादसा
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता)। रैणी थाना क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चैनल नंबर 131.5 के पास एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। झालावाड़ से दिल्ली जा रहा लकड़ियों से लदा एक ट्रक अचानक टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा होने से बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करवाते हुए स्थिति का जायजा लिया।
- परिचालक की तरफ का फटा था टायर
घटना के संबंध में ट्रक चालक ने बताया कि वह झालावाड़ के भवानी मंडी से लकड़ियां लोड करके दिल्ली की ओर जा रहा था। इसी दौरान चैनल नंबर 131.5 के पास अचानक परिचालक (क्लीनर) की तरफ का टायर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे वाहन पर से उसका नियंत्रण छूट गया और ट्रक पलट गया।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की औपचारिक जांच शुरू कर दी है और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाने की कार्रवाई की।

