दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई पिकअप, 3 की मौत: गाड़ी में पीछे सो रहे थे, पलटने से नीचे दबे; मेरठ से पौधे लेकर आ रहे थे
अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पिकअप और ट्रक की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई। दो युवक घायल हैं। हादसा गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के सिरमौर पुलिया के पास शनिवार सुबह करीब 4 बजे हुआ।
एसएचओ धीरेंद्र सिंह ने बताया- गाड़ी में मेरठ (UP) के रहने वाले 5 युवक थे। इनमें से तीन गाड़ी पिछले हिस्से में सो रहे थे। पिकअप ट्रक से टकराकर पलटी तो सो रहे तीनों युवक इसके नीचे दब गए। इनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ये सभी मेरठ से पौधे लेकर आ रहे थे। शुक्रवार (28 अगस्त) को भी दौसा जिले में एक्सप्रेस-वे पर हुई अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
- डिवाइडर से टकराकर पलटी पिकअप
पिकअप ड्राइवर उजैर ने बताया कि गाड़ी का अगला हिस्सा ट्रक से टकराया था। इसके बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर पास के डिवाइडर से टकरा गई। स्पीड ज्यादा होने के कारण गाड़ी घिसटते हुए सड़क के दूसरी ओर चली गई। पीछे सो रहे शाहदाव (45), सबाहत (25) और अफसर (22) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ड्राइवर केबिन में बैठा औरंगजेब और वो घायल हुए हैं।
घायल युवकों ने बताया कि वे सभी पौधे लगाने का काम करते हैं। मेरठ में उनकी नर्सरी है। उन्हें अलवर के राजगढ़ में एक फार्म हाऊस में पौधे लगाने का काम मिला था। इसके लिए वो राजगढ़ जा रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाला शाहदाव 5 बच्चों का पिता था। जबकि, अन्य दोनों युवक अविवाहित थे


