गांव न्यामदपुर में 5 सितंबर से सजेगी दो दिवसीय जिकड़ी प्रतियोगिता
भरतपुर/हलैना (विष्णु मित्तल)। गांव न्यामदपुर में सर्व समाज एवं भजन-जिकड़ी प्रेमियों के तत्वावधान में आगामी 5 सितंबर से दो दिवसीय भव्य भजन-जिकड़ी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दो दिन तक चलने वाले इस सांस्कृतिक आयोजन का समापन एवं पुरस्कार वितरण 6 सितंबर की शाम को होगा।
कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता में राजस्थान सहित हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली जैसे राज्यों से आए नामचीन गायक और गायिकाएं अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कलाकार धार्मिक, सामाजिक और देशभक्ति से ओत-प्रोत रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
प्रतियोगिता में नगला कल्याण से विमलेश चाहर, मौलोनी से भूपेंद्र शर्मा, दाऊजी (मथुरा) से सुनीता छौंकर, नदबई से कौशल भोसिंगा, अलीगढ़ से पूजा डागुर, तुर्कपुरा से मंगल तुर्कपुरा, एंचेरा से दवि देशवाल, कठूमर से तेजसिंह दसरौती और जटमासी से सावित्री सहित कई जाने-माने जिकड़ी गायक भाग लेंगे।
आयोजन समिति ने आसपास के ग्रामीण अंचल के सभी धर्मप्रेमी और जिकड़ी रसिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

