BSF जवान के क्रेडिट कार्ड से 82897 रुपये पार; बिना OTP के iPhone-17 की बुकिंग; चौरीचौरा में केस दर्ज
गोरखपुर/चौरीचौरा (शशि जायसवाल) साइबर अपराधियों ने चौरीचौरा क्षेत्र के एक BSF जवान के क्रेडिट कार्ड से 82,897 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली। खास बात यह है कि जवान के मुताबिक उन्होंने न तो कोई OTP साझा किया और न ही कार्ड का CVV किसी को बताया। इसके बावजूद उनके कार्ड से iPhone-17 की बुकिंग कर दी गई।
देवकहिया गांव निवासी सुधीर कुमार सिंह पुत्र स्व. बदरी सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 31 जनवरी 2026 को उनके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर Flipkart के जरिए मोबाइल फोन की खरीदारी की गई। कार्ड से रकम कटने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मामले की शिकायत ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर दर्ज कराई।
जवान का आरोप है कि ऑनलाइन शिकायत के बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने चौरीचौरा थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सोमवार रात करीब नौ बजे अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अब कार्ड से हुए लेनदेन, ऑनलाइन ऑर्डर और खरीदारी से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बिना OTP और CVV साझा किए कार्ड का इस्तेमाल किस तरह किया गया।
पुलिस ने लोगों को ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ कार्ड संबंधी जानकारी, OTP या CVV साझा न करने और संदिग्ध लिंक से बचने की अपील की गई है।

