वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 के तहत विशेष ट्रेन 21 जनवरी को होगी रवाना
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2025 के अंतर्गत मदार (अजमेर) से कामाख्या-गुवाहटी वाया खातीपुरा (जयपुर)- भरतपुर की विशेष रेलगाड़ी बुधवार, 21 जनवरी 2026 को सायं 5 बजे मदार (अजमेर) रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करेगी।
सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग मुकेश कुमार मीना ने बताया कि इस विशेष यात्रा में मदार (अजमेर) रेलवे स्टेशन से अजमेर संभाग के 300 यात्री, खातीपुरा (जयपुर) रेलवे स्टेशन से जयपुर, बीकानेर, हनुमानगढ़, जोधपुर एवं कोटा संभाग के 540 यात्री तथा भरतपुर रेलवे स्टेशन से भरतपुर संभाग के 130 यात्री सम्मिलित होंगे। इस प्रकार कुल 970 तीर्थयात्री यात्रा करेंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रियों को निर्धारित रेलवे स्टेशनों पर समय से पहुंचने हेतु सूचित किया जा रहा है, ताकि समस्त प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण की जा सकें। अजमेर संभाग के यात्रियों को मदार (अजमेर) रेलवे स्टेशन पर प्रातः 11 बजे, जयपुर, बीकानेर, हनुमानगढ़, जोधपुर व कोटा संभाग के यात्रियों को खातीपुरा (जयपुर) रेलवे स्टेशन पर दोपहर 2 बजे एवं भरतपुर संभाग के यात्रियों को भरतपुर रेलवे स्टेशन दोपहर 2 बजे से रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान यात्रियों की देखरेख के लिए 1 ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में 2 सरकारी कर्मचारी अनुदेशक के रूप में, चिकित्सा व्यवस्था हेतु 1 डॉक्टर एवं 2 नर्सिंग अधिकारी नियुक्त रहेंगे, जो यात्रा अवधि में यात्रियों के स्वास्थ्य एवं सुविधा का ध्यान रखेंगे। रेलयात्रा हेतु चयनित तीर्थयात्रियों को व्यक्तिगत रूप से दूरभाष एवं संदेश के माध्यम से सूचित किया जा रहा है। यात्रियों को अपने साथ ऑनलाइन भरे आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी, मूल जन आधार, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, आवश्यक औषधियां, दैनिक उपयोग की सामग्री तथा आवश्यकता अनुसार नकद राशि साथ लाना अनिवार्य होगा। इस तीर्थ यात्रा में यात्रियों के 7 दिवस तक आवास, भोजन एवं अन्य समस्त व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। यात्रियों के लिए यह यात्रा पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।


