छठ से पहले तैयार होगा चौरीचौरा का प्राचीन पोखरा घाट, तेजी से चल रहा निर्माण कार्य
चौरीचौरा (शशि जायसवाल) नगर पंचायत चौरीचौरा के ऐतिहासिक प्राचीन पोखरा घाट के सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। घाट पर इन दिनों ढलाई का काम तेजी से कराया जा रहा है। नगर पंचायत का लक्ष्य है कि आगामी छठ महापर्व से पहले निर्माण कार्य पूरा कर घाट को श्रद्धालुओं के लिए तैयार कर दिया जाए।
प्राचीन पोखरा घाट क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा प्रमुख स्थल है। प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। घाट के निर्माण और सौंदर्यीकरण से छठ व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान मिलने की उम्मीद है।
- जनसुविधाओं को प्राथमिकता
नगर पंचायत की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की निगरानी में चल रहे कार्य को समय से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
- अध्यक्ष के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति
चौरीचौरा नगर पंचायत अध्यक्ष सन्नी जायसवाल के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और धार्मिक स्थलों के विकास सहित विभिन्न कार्यों के साथ प्राचीन पोखरा घाट का निर्माण भी नगर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
- सभासदों का भी सहयोग
घाट निर्माण में वार्ड संख्या 15 के सभासद मोहित जायसवाल और सभासद पुरुष कुमार समेत नगर के अन्य सभासदों का भी सहयोग बताया गया है। जनप्रतिनिधि निर्माण कार्य की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं और क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार कार्यों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
घाट का निर्माण समय से पूरा होने पर आगामी छठ महापर्व में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

