शादी में हंसी-मजाक के बाद चली लाठियां: युवक के सिर पर लोहे की रॉड से हमला, 5 घायल, एक जयपुर रेफर
खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा थाना क्षेत्र के कागजी मोहल्ले में शादी समारोह के दौरान हंसी-मजाक के बाद युवक के सिर पर लोहे की रॉड मार दी। कइयों पर लाठियां चला दी। जिससे 5 जने घायल हो गए। एक युवक को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया है।
कागजी मोहल्ला निवासी राजेश प्रजापत ने बताया कि पड़ोस में बीती रात शादी का कार्यक्रम था। इसी दौरान हंसी-मजाक को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो बाद में गंभीर झगड़े में बदल गई।
राजेश प्रजापत का आरोप है कि सोमवार सुबह दूसरे पक्ष के करीब 40 से 50 लोगों ने उनके परिवार पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में संजय प्रजापत, अशोक, नंदू, राजेश और रामादेवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां संजय प्रजापत (30) की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना तिजारा थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।