पहाड़ी पुलिस ने 24 घंटे में किया लूट का पर्दाफाश: दो आरोपी गिरफ्तार
पहाड़ी थाना पुलिस ने लूट की एक वारदात का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं।
थाना अधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को लुहिंगा पुनहाना निवासी साहिल पुत्र रहीश ख़ां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, गाधानेर और डांठेट के बीच स्थित जोहड़ पर तीन मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उन्हें कट्टा लगाकर रोका।
उन्होंने साहिल की पत्नी जानिस्ता के गले से 20 ग्राम का सोने का गुलिबंद और 20 ग्राम की सोने की हंसली जबरन लूट ली। इस दौरान जानिस्ता के गले में चोट भी आई।
परिवादी ने बताया कि लुटेरों की उम्र 25 से 30 साल के बीच थी और वे मेवाती भाषा में बात कर रहे थे। मामला दर्ज होने के तुरंत बाद, पहाड़ी थाना पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए शौकीन पुत्र जाकिर (निवासी झारपुडी, थाना पिनगांव, जिला नूंह) और जाकिर हुसैन पुत्र हुसैना (निवासी टायरा, थाना कामां) को गाधानेर रोड बड़ेड के पास खेतों से दबोच लिया।

