नांगल खानजादी में निबंध प्रतियोगिता का हुआ आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
लक्ष्मणगढ़ ,(अलवर/ कमलेश जैन) तहसील क्षेत्र के मेवात एजुकेशन ग्रुप के तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नांगल खानजादी में “हमारा विद्यालय कैसा हो?” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक सोच और लेखन क्षमता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ एवं मेवात एजुकेशन ग्रुप के सदस्य हनीफ खान, इमरान नवाब, अयूब, मास्टर फकरुद्दीन, कवि तैयब हुसैन, अब्दुल बासित, वकील शब्बीर एवं जाकिर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सिमरन कौर को 2100 रुपये, द्वितीय स्थान साहिल खान को 1100 रुपये तथा तृतीय स्थान रोहित कटारिया को 500 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्राम पंचायत नांगल खानजादी का विशेष सहयोग रहा। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।