भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिले के बयाना उपखंड क्षेत्र स्थित राजकीय आत्मनिर्भर मंदिर श्री कैलादेवी झील का बाड़ा में 18 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों की बैठक जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्टर कक्ष में आयोजित की गई। जिसमें मेला व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं।
जिला कलक्टर ने कहा कि कैलादेवी लक्खी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षा, आवागमन एवं मन्दिर में दर्शनों के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पडे। सभी विभाग टीम भावना से कार्य करते हुए दिए गये दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करे। उन्होंने पुलिस विभाग मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल (महिला एवं पुरुष) की तैनाती कर भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, भारी वाहनों का पूर्व डायवर्जन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों एवं नियंत्रण कक्ष से भी व्यवस्थाओं पर निगरानी रखी जाये। उन्होंने नगर पालिका को मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, मोबाइल शौचालय, फायर ब्रिगेड की 24 घंटे उपलब्धता, फॉगिंग एवं कीटनाशक छिड़काव की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, अस्थायी कनेक्शन, खुले तारों की सुरक्षा जांच तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा पेयजल की सतत उपलब्धता हेतु पानी की टंकियों की व्यवस्था कर यात्रियों को अलग अलग स्थानों पर उपलब्ध कराया जाये।
जिला कलक्टर ने चिकित्सा विभाग को मेला स्थल पर चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं आवश्यक दवाइयों सहित प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित करने तथा 24 घंटे एम्बुलेंस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने मेले में संभावित वीवीआईपी भ्रमण को देखते हुए हेलिपैड मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने, रोडवेज विभाग को अतिरिक्त बसों का संचालन तथा अस्थायी बस स्टैंड की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने ने देवस्थान सहायक आयुक्त को मेले में अस्थायी दुकानों का नियमानुसार आवंटन, छाया, पेयजल, पार्किंग एवं सुगम आवागमन हेतु विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पवित्र कुंडों की सुरक्षा, मंदिर परिसर की स्वच्छता, पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों की समुचित व्यवस्था तथा मेला क्षेत्र में मदिरा एवं मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध लागू किया जाये।
इस अवसर पर बयाना उपखंड अधिकारी दीपक मित्तल, पीडब्लूडी अधीक्षण अभियन्ता वीसी मीना, देवस्थान सहायक आयुक्त मुकेश मीना, नगर निगम सचिव विजय प्रताप सिंह, बयाना नगर पालिका ईओ अनीता कुमारी, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत रूपसिंह मीना, सहायक आबकारी अधिकारी लखन व्यास, पीएचईडी सहायक अभियन्ता मनेन्द्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।