रारह की सरपंच कुसुम सिंह का राष्ट्रीय मंच पर चयन, महिला बीकन लीडर के रूप में होंगी सम्मानित
हलैना (विष्णु मित्तल) ग्राम पंचायत रारह की प्रशासक/सरपंच श्रीमती कुसुम सिंह का चयन भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा आयोजित महिला पंचायत प्रतिनिधियों के राष्ट्रीय सम्मेलन में “महिला बीकन लीडर” के रूप में किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मेलन 11 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें देशभर के प्रत्येक राज्य से चयनित महिला सरपंच भाग लेंगी। विशेष बात यह है कि राजस्थान राज्य से इस सम्मेलन में भाग लेने वाली एकमात्र महिला सरपंच के रूप में ग्राम पंचायत रारह की सरपंच कुसुम सिंह का चयन किया गया है।
राजस्थान सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभावी नेतृत्व, जनकल्याणकारी कार्यों तथा ग्रामीण विकास में सक्रिय भूमिका को देखते हुए श्रीमती कुसुम सिंह को राजस्थान राज्य की ओर से इस राष्ट्रीय सम्मेलन में नामांकित किया गया है। यह चयन न केवल ग्राम पंचायत रारह बल्कि पूरे डीग जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय माना जा रहा है।यह राष्ट्रीय सम्मेलन महिला पंचायत प्रतिनिधियों के नेतृत्व को सशक्त बनाने और ग्रामीण प्रशासन में उनकी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में देशभर की महिला जनप्रतिनिधियों को एक मंच प्रदान किया जाएगा, जहाँ वे अपने अनुभव साझा करेंगी और पंचायत स्तर पर विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करेंगी।कार्यक्रम के दौरान महिला नेतृत्व, ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक निर्णय प्रक्रिया, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा ग्राम स्तर पर जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा विस्तृत चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में महिला पंचायत प्रतिनिधियों के अनुभव साझा किए जाएंगे तथा उन्हें नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, निर्णय लेने की प्रक्रिया तथा ग्राम सभाओं में प्रभावी भागीदारी जैसे विषयों पर मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक राज्य से चयनित महिला बीकन लीडर्स का विशेष रूप से सम्मान कर उनके उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। विशेष बात यह है कि ग्राम पंचायत रारह को महिला हितैषी ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने में किए गए प्रयासों को देखते हुए भारत सरकार द्वारा श्रीमती कुसुम सिंह को सम्मानित भी किया जाएगा। पंचायत स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने में उनके योगदान को राष्ट्रीय मंच पर सराहा जाएगा। श्रीमती कुसुम सिंह का यह चयन ग्राम पंचायत रारह के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों तथा ग्रामवासियों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
यह उपलब्धि क्षेत्र की महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को सामाजिक, राजनीतिक और जनसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलेगी तथा पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को और मजबूती मिलेगी।