वीसी से नहीं जुड़ने पर दो अफसरों को नोटिस बिजली कनेक्शन में देरी पर जांच के आदेश
भरतपुर (राजस्थान) जिला कलक्टर कमर चौधरी ने स्पष्ट कहा है कि जनसमस्याओं के समाधान और मूलभूत सुविधाओं की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वयं जांच करें। कलेक्टर ने विशेष रूप से विद्युत निगम के मामलों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिन प्रकरणों में डिमांड नोटिस की राशि जमा होने के बाद भी समय पर बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया है, उनकी विभागीय जांच कर दोषी कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिला स्तरीय दल और उपखंड अधिकारियों को सोमवार और शुक्रवार को कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान वीसी से समय पर नहीं जुड़ पाने वाले दो अधिकारियों को नोटिस भी जारी किए गए।
31 मार्च तक सत्यापन के निर्देश:- कलेक्टर ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के सत्यापन का कार्य शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत समितियों के माध्यम से 31 मार्च तक शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश दिए। लाड़ो प्रोत्साहन योजना में बालिका के जन्म के समय ही आवश्यक दस्तावेज जमा कर लाभ दिलाने तथा स्वावलंबन योजना के तहत दिव्यांगजनों की पात्रता जांच कर यूडीआईडी कार्ड जारी करने के भी निर्देश दिए गए।