जनगणना 2027 का शंखनाद: 1 मई से शुरू होगी स्व-गणना,16 मई से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक; जिला कलेक्टर ने सटीक जानकारी देने की अपील की
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिले में जनगणना 2027 की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इस संबंध में प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर कमर चौधरी ने आमजन से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करें तथा सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।
उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक (सांख्यिकी) रामेश्वर महावर ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक मकान की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं तथा अन्य मूलभूत जानकारियों का संकलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनगणना प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण के तहत 1 मई से 15 मई तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसमें नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके पश्चात 16 मई से 14 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर मकानों से संबंधित जानकारी एकत्रित करेंगे।
इस कार्य के सफल संचालन हेतु जिले में 14 चार्ज बनाए गए हैं। नगर निगम भरतपुर क्षेत्र में कुल 2562 वास्तविक एवं 297 रिजर्व प्रगणक तथा 429 वास्तविक एवं 64 रिजर्व सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।
स्वगणना हेतु एसई आईडी आवश्यक
उप जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए इस बार स्वगणना की व्यवस्था की गई है। इसके लिए नागरिकों को पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपनी एसई आईडी (सेल्फ इनुमुरेशन) बनानी होगी। इसी आईडी के माध्यम से वे अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। प्रगणक के घर आने पर यह एसई आईडी साझा करनी होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित की गई सभी जानकारियां जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभायें।


