डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर 14 अप्रैल को होगा समापन समारोह
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार के निर्देशानुसार डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का समापन 14 अप्रैल मंगलवार को किया जाएगा।
संयुक्त निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग श्याम सुंदर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर समापन कार्यक्रम के तहत प्रातः 7 बजे कलेक्ट्रेट के सामने स्थित अंबेडकर पार्क में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
इसके पश्चात उपस्थित जनों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया जाएगा तथा संविधान की शपथ भी दिलाई जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर बाबा साहेब के विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।


