विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले में आयोजित होगी स्वीप गतिविधि एक पेड़ लोकतंत्र के नाम
भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2026 के अवसर पर जिले में विशेष स्वीप गतिविधि एक पेड़ लोकतंत्र के नाम का आयोजन किया जाएगा। इस अभिनव पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदाता जागरूकता को सुदृढ़ करना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के नेतृत्व में इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस का वैश्विक विषय इंस्पायर बाय नेचर फोर क्लाईमेट फोर ऑवर फ्यूचर निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं लोकतंत्र के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी को जोड़ते हुए जिले में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम लोहागढ किले स्थित पार्क में प्रातः 7 बजे पौधारोपण किया जायेगा जिसमें जनप्रतिनिधि एवं विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेगें।
उन्होंने बताया कि जिले में स्थित समस्त राजकीय एवं निजी विभागों, कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, विभिन्न प्रतिष्ठानों, मैरिज होम, पेट्रोल पम्प, शॉपिंग मॉल, पार्क एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध स्थान के अनुसार न्यूनतम एक छायादार अथवा फलदार स्थानीय प्रजाति का पौधा लगाया जाएगा। प्रत्येक पौधे को लोकतंत्र का पेड़ नाम दिया जाएगा तथा उसके साथ एक छोटी पट्टिका लगाई जाएगी, जिसमें पौधारोपण करने वाले अधिकारी अथवा व्यक्ति का नाम एवं तिथि सहित अन्य आवश्यक विवरण अंकित रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्मिकों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के साथ-साथ मतदाता पंजीकरण, मतदान के संवैधानिक अधिकार, नैतिक मतदान के दायित्व तथा निर्वाचन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सुविधाओं, विशेषकर राजस्थान ईसीआई नेट एप सहित अन्य सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यह गतिविधि जनसहभागिता एवं स्वैच्छिक सहयोग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान ली गई उत्कृष्ट सेल्फी, फोटोग्राफ एवं लघु वीडियो को संबंधित विभागों एवं संस्थाओं द्वारा अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर साझा करते हुए ईसीआई स्वीप एवं सीईओ राजस्थान के सोशल मीडिया हैंडल्स को टैग किया जाएगा। साथ ही जिले से चयनित श्रेष्ठ मीडिया सामग्री राज्य स्तर पर भी साझा की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों एवं संबंधित संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि उक्त गतिविधि का आयोजन 5 जून शुक्रवार को प्रातः 10.30 बजे से पूर्व अधिकतम 20 मिनट की समयावधि में सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यक्रम की अनुपालना रिपोर्ट एवं अद्यतन प्रगति की जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।


