बयाना में कपड़े की दुकान में भीषण आग, 25 लाख का माल जलकर राख
भरतपुर जिले के बयाना कस्बे की चूड़ी वाली गली स्थित एक कपड़े की दुकान में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा करीब 20 से 25 लाख रुपये मूल्य का कपड़ों का स्टॉक पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर गांव निवासी दूल्हेराम गुर्जर की ‘मैरी वस्त्र भंडार’ नाम से कपड़ों की दुकान चूड़ी वाली गली में स्थित है। दूल्हेराम पिछले छह-सात वर्षों से किराए की बिल्डिंग में यह व्यवसाय संचालित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर अपने गांव चले गए थे।
रात करीब 1:10 बजे पड़ोसी दुकानदार का फोन आया, जिसमें दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दूल्हेराम मौके पर पहुंचे तो वहां लोगों की भारी भीड़ जमा थी। स्थानीय लोग अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन आग तेजी से फैल रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही दुकान का शटर खोला गया, अंदर सुलग रही आग अचानक भभक उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान भवन की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले मकान मालिक डॉ. गुलशन कक्कड़ भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा पूरा कपड़ों का स्टॉक जलकर नष्ट हो चुका था।
कोतवाली थाने के एएसआई बृजेंद्र सिंह ने बताया कि कपड़ों की दुकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई है। पीड़ित दुकानदार की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है तथा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


