यज्ञ के माध्यम से विश्व शांति की कामना, रासलीला में छाई कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां; उमड़े श्रद्धालु
भीलवाड़ा,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर भगवान श्री हरि और माता लक्ष्मी की असीम कृपा प्राप्त करने के उद्देश्य से भीलवाड़ा के छोटी हरणी स्थित हनुमान टेकरी आश्रम में एक भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। आश्रम के महन्त बनवारीशरण काठियाबाबा के पावन सान्निध्य में यहाँ पहली बार आयोजित हो रहे सप्त दिवसीय 11 कुण्डीय श्री विष्णु लक्ष्मी महायज्ञ के तीसरे दिन बुधवार को यज्ञवेदी में आहुतियों का दौर जारी रहा। इस महायज्ञ में शामिल होने और पुण्य लाभ कमाने के लिए भीलवाड़ा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्तगण आश्रम परिसर में पहुंच रहे हैं।
वैदिक मंत्रोच्चार और देव पूजन के साथ दी आहुतियां: महायज्ञ के तीसरे दिन सुबह 8 बजे से यज्ञ अनुष्ठान प्रारंभ हुआ। श्री शारदा सनातन परमार्थ न्यास के वेदाचार्य पंडित मुकेश शास्त्री के निर्देशन में सभी धार्मिक विधियां संपन्न कराई गईं। यज्ञाचार्य ने बताया कि प्रातःकालीन सत्र में यज्ञकर्ता यजमानों को पंचगव्य प्राशन कराकर यज्ञ मण्डप में प्रवेश दिलाया गया। सर्वप्रथम पवित्रीकरण, स्वस्ति वाचन और प्रधान संकल्प कराया गया। इसके बाद महागणपति पूजन, मण्डप वास्तु पूजन और मण्डप में विराजमान सभी देवी-देवताओं का विधिपूर्वक पूजन कर गौमाता की आराधना की गई। प्रत्येक यज्ञ वेदी पर यजमानों के साथ लक्ष्मी स्वरूपा कन्याओं ने भी आहुति देकर सर्व मंगल एवं विश्व में सुख-शांति की कामना की। दोपहर में आरती एवं महाप्रसाद वितरण के साथ यज्ञ को विश्राम दिया गया। यह महायज्ञ 14 जून तक प्रतिदिन सुबह 8 से 12 बजे तक आयोजित होगा।
रासलीला में कृष्ण जन्म और नंदोत्सव पर झूमे भक्त: महायज्ञ के साथ-साथ आश्रम परिसर में श्री राधा रासेश्वरी रासलीला मण्डल (श्रीवृन्दावनधाम, मथुरा) द्वारा प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से भक्तिपूर्ण रासलीला की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। मण्डल के दामोदरदास काठियाबाबा के निर्देशन में मंगलवार की रात कृष्ण जन्म एवं नंदोत्सव प्रसंग की भव्य प्रस्तुति दी गई।
लीला के दौरान कंस की आकाशवाणी, देवकी-वासुदेव को कारागृह में डालना, भगवान कृष्ण का प्राकट्य, उफनती यमुना पार कर वासुदेव जी का कान्हा को गोकुल पहुंचाना और गोकुलवासियों द्वारा आनंद उमंग के साथ 'नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की' गाते हुए नंदोत्सव मनाने के प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया। मण्डल के राजू स्वामी ने बताया कि 16 कलाकारों के इस दल की विशेषता यह है कि इसमें देवकी, यशोदा, राधा और गोपी जैसे महिला पात्रों का अभिनय भी पुरुष कलाकारों द्वारा ही अत्यंत जीवंतता के साथ निभाया जा रहा है।
इन्होंने की ठाकुरजी की आरती: रासलीला के शुभारंभ पर विशिष्ट अतिथि उमाशंकर पारीक, अनुभव जोशी, सांवरलाल जाट, आशा जाट, अमित अग्रवाल, अशोक मेलाना, रजनीश चपलोत, नितेश बांगड़, नीरज कुमार, दिलीप कुमार मेहता, वर्धमान और आशीष बूलिया आदि ने ठाकुरजी की आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया।


