संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में सैन्य एवं प्रशासनिक अधिकारियों की समन्वय समिति की बैठक आयोजित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) संभागीय आयुक्त नलिनी कठौतिया की अध्यक्षता में सैन्य एवं प्रशासनिक अधिकारियों की समन्वय समिति की बैठक बुधवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सेना तथा जिला प्रशासन के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने, विभिन्न विकासात्मक एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि सेना और प्रशासन के मध्य प्रभावी समन्वय किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास, आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी संवाद एवं सहयोग की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। सैन्य अधिकारियों द्वारा सेना से संबंधित विभिन्न आवश्यकताओं, भूमि एवं अधोसंरचना से जुड़े विषयों पर प्रशासनिक सहयोग की अपेक्षाओं से अवगत कराया। संभागीय आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में भरतपुर जिला कलक्टर कमर चौधरी, धौलपुर जिला कलक्टर श्रीनिधी बीटी, डीग जिला कलक्टर मयंक मनीष वीसी के माध्यम से जुडे तथा अति. संभागीय आयुक्त नीलिमा तक्षक, एडीएम प्रशासन घनश्याम शर्मा, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


