रसद विभाग की टीम ने 28 अवैध गैस सिलेण्डर किये जप्त, वर्तमान में घरेलू सिलेण्डरों का पर्याप्त भण्डार
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर जिले में वर्तमान में घरेलू गैस सिलेण्डरों का पर्याप्त स्टॉक है, सभी गैस एजेन्सीओं द्वारा बुकिंग प्राथमिकता के आधार पर उपभोक्ताओं को गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान स्टॉक की उपलब्धता एवं नियमित खपत के सन्दर्भ में उपलब्धता संतोषजनक होने के तथ्य को सुनिश्चित किया गया है। बुधवार को रसद विभाग की टीम द्वारा 28 अवैध गैस सिलेण्डर जप्त किये गये।
जिला रसद अधिकारी पवन अग्रवाल ने बताया कि गैस की आपूर्ति सुनिश्चित बनाए रखने हेतु गठित विशेष प्रवर्तन दल द्वारा प्रभावी रूप से निगरानी रखी जा रही है। बुधवार को निठार ईण्डेन गैस एजेन्सी का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को जिले में 4752 गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति हुई एवं 5289 गैस सिलेण्डरों का उपभोक्ताओ को वितरण किया गया तथा 6095 गैस सिलेण्डरों का स्टॉक बुधवार 18 मार्च को वितरण के लिये गैस एजेन्सीयों पर उपलब्ध है।
तेल कम्पनीओ द्वारा भी जिले में गैस सिलेण्डरों की नियमित आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि 18 मार्च को भरतपुर नगर निगम क्षेत्र में छापे मारकर कुल 28 सिलेण्डर जप्त किये गये। कृष्णा स्वीट कुम्हेर गेट से 2, रोयल पेंट एवं हार्डवेयर कुम्हेर गेट से 4 एवं नीमदा गेट निवासी राजेन्द्र प्रसाद के घर से 22 सिलेण्डर जब्त किये गये। उन्होंने बताया कि आगे भी घरेलू गैस सिलेण्डरो के अवैध उपयोग को रोकने के लिए कार्यवाही जारी रहेगी। राज्य स्तर पर घरेलू गैस के समस्याओं के सम्बन्ध में राज्य उपभोक्ता हैल्पलाइन न० 14435 एवं जिला स्तर की हैल्पलाइन न० 05644-220320 पर प्राप्त समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।