जिलेभर में आयोजित हुई नारी चौपाल, सरकार की योजनाओं से महिलाओं का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण हुआ- मुख्य अतिथि
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय रामेश्वरी देवी गर्ल्स कॉलेज में जिला स्तरीय नारी चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वरोजगार, वित्तीय समावेशन, सामाजिक सुरक्षा एवं महिला अधिकारों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
महिला बाल विकास एवं महिला अधिकारिता विभाग के समन्यवय से आयोजित चौपाल में मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर में सुधार लाने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक एवं सामाजिक भागीदारी बढ़ाए बिना समावेशी विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 12 साल बेमिसाल के तहत केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे कि बेटी बचाओ-बेटी पढाओ, जन-धन योजना एवं महिला शक्ति से सम्बन्धित वन स्टॉप सेन्टर योजना इत्यादि के बारे में विस्तार से अवगत कराया। सीओ सिटी आशिमा वाशवानी द्वारा महिलाओं की सुरक्षा एवं संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सम्बन्धित कानूनों एवं उनके प्रावधानों की जानकारी प्रदान की गई तथा महिलाओं से सम्बन्धित टोल फ्री नम्बर 1090,1088,181 एवं 112 की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कॉलेज छात्राओं, राजीविका से जुड़ी महिलाओं, महिला पटवारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं सहित विभिन्न वर्गों की लगभग 300 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम के दौरान संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं पर भी चर्चा की गई। विभिन्न विभागों द्वारा महिला कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई तथा महिलाओं को सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक राजीविका भारती भारद्वाज, कॉलेज की प्राचार्य मधु शर्मा, उपनिदेशक महिला अधिकारिता राजेश कुमार, उपनिदेशक आईसीडीएस सिकरामाराम चोयल, विकास अधिकारी पंचायत समिति सेवर विनय मित्र, समाज कल्याण अधिकारी रामरतन चौधरी, सीडीपीओ भरतपुर शहर कृष्ण कुमार शर्मा, कॉलेज व्याख्याता डॉ. शोभा भारद्वाज, व्याख्याता नीलिमा बंसल, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र गोयल, उमा गौतम, नीरज कुंतल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
जिलेभर में आयोजित हुई चौपाल- मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मृदुलसिंह ने बताया कि विकास एवं जनकल्याण पखवाडे के तहत जिले भर में सभी उपखंड मुख्यालयों पर महिला चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि चौपालों में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा एवं सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विचार व्यक्त किए गए। महिलाओं को योजनाओं से जुड़ी जानकारी सामग्री उपलब्ध कराई गई तथा महिला सशक्तिकरण के संकल्प को और मजबूत बनाने का आव्हान किया गया। इसी क्रम में पंचायत समिति नदबई, बयाना, वैर एवं भुसावर क्षेत्रों में भी नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम एवं विकास एवं जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पूर्व सांसद रंजीता कोली, धर्म सिंह और जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, महिला पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी एवं राजीविका कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।


