तीन दिवसीय "12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" प्रदर्शनी का शुभारंभ
खैरथल (हीरालाल भूरानी) केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी "12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" का शुभारंभ शुक्रवार को जिला सचिवालय, खैरथल-तिजारा में जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश द्वारा फीता काटकर किया गया।
शुभारंभ के पश्चात जिला कलेक्टर ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए प्रदर्शित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही है।
प्रदर्शनी में आधारभूत संरचना विकास, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य जनहितकारी योजनाओं से संबंधित उपलब्धियों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी के प्रथम दिन जिला सचिवालय एवं कलेक्ट्रेट में आने वाले आगंतुकों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सरकार की जनकल्याणकारी पहलों के बारे में अवगतता हासिल की।
जिला कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन से प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसका अवलोकन करने तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की। यह प्रदर्शनी रविवार तक आमजन के लिए खुली रहेगी।


