लक्ष्मणगढ़:चालक की लापरवाही पड़ी भारी: नाली में फंसी सीमेंट मिक्सर मशीन, घंटों चरमराई यातायात व्यवस्था, जेसीबी से निकाला बाहर
लक्ष्मणगढ़ (अलवर)। उपखंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के पास मालाखेड़ा रोड पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली कंक्रीट मिक्सर ग्राइंडर मशीन को ले जा रहा एक ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण नाली में धंस गया। भारी वजन होने के कारण कमजोर नाली टूट गई और मशीन का पहिया नाली के घुमाव पर अंदर समा गया।
मशीन के बीच रास्ते में तिरछा फंस जाने की वजह से संकरे मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक लंबा जाम लगा रहा। भारी मशीन होने के कारण उसे तत्काल हटाना संभव नहीं हो सका, जिसके चलते लोगों को घंटों जेसीबी मशीन के आने का इंतजार करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह विशालकाय मशीन किसी निर्माण परियोजना के तहत ले जाई जा रही थी, लेकिन चालक की जरा-सी लापरवाही ने बड़े हादसे का जोखिम पैदा कर दिया।
रात में भी लगा रहा जाम, लोग रहे परेशान
सड़क हादसों और अव्यवस्था का सिलसिला यहीं नहीं रुका। इससे पहले बीती रात को भी मोदी पेट्रोल पंप के पास बने नाले पर एक ट्रक में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। वह ट्रक पूरी रात और सुबह तक वहीं खड़ा रहा, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
भीड़भाड़ वाले रास्तों से इतनी भारी मशीनों और वाहनों के आवागमन के दौरान बरती जा रही ढिलाई सुरक्षा के लिहाज से बेहद चिंताजनक है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन पर नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो किसी दिन कोई गंभीर दुर्घटना या जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है।

