मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भरतपुर से करेंगे 'मिशन पढ़ो' अभियान और ₹940 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का राज्य स्तरीय शुभारम्भ
भरतपुर / कोश्लेंद्र दत्तात्रेय : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को भरतपुर जिले के वैर उपखंड स्थित खेड़ली गुर्जर में आयोजित होने वाले भव्य राज्य स्तरीय समारोह में प्रदेशभर के लिए शिक्षा, छात्र कल्याण और आधारभूत विकास से जुड़े कई महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों का शुभारम्भ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिक्षा अवसंरचना और विकास से जुड़े ₹940 करोड़ से अधिक लागत के कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे।
समारोह की प्रमुख सौगातें और शुभारम्भ:
-
मिशन पढ़ो अभियान (2026-27): विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि विकसित करने और भाषा दक्षता में सुधार लाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री 29 जुलाई 2026 से 16 जनवरी 2027 तक चलने वाले 'मिशन पढ़ो अभियान' (रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन-2026) का राज्य स्तरीय शुभारम्भ करेंगे।
-
निःशुल्क यूनिफॉर्म डीबीटी (DBT): प्रदेश के कक्षा 1 से 8 तक के 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में ₹250 करोड़ की निःशुल्क यूनिफॉर्म राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
-
10,500 व्हीलचेयर वितरण: समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने और विशेष आवश्यकता वाले (CWSN) दिव्यांग विद्यार्थियों की सुलभता के लिए 10,500 व्हीलचेयर वितरण अभियान का आगाज़ होगा।
शिक्षा अवसंरचना पर भारी निवेश
शिक्षा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री:
-
₹680 करोड़ की लागत से नए विद्यालय भवनों, छात्रावासों और अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं के निर्माण कार्यों का शिलान्यास करेंगे।
-
₹11.07 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुए विभिन्न शैक्षणिक निर्माण कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित करेंगे।
प्रमुख मंत्रियों व अधिकारियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति इस राज्य स्तरीय समारोह में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेड़म, जल संसाधन एवं जिला प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत तथा शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, छात्र और बड़ी संख्या में आमजन शामिल होंगे।

