मकराना रेलवे स्टेशन पर डीएलसी केम्प आयोजित, सेवानिवृत कर्मचारियों को मिला लाभ
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में जोधपुर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 1 नवंबर 2025 से 30 नवंबर 2025 तक डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने हेतु विशेष कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को मकराना रेलवे स्टेशन पर कैंप आयोजित किया गया। कैंप में बड़ी संख्या में सेवानिवृत कर्मचारियों को स्टेशन बुलाकर उनके दस्तावेजों की जांच की गई एवं ऑनलाइन जीवित प्रमाण पत्र बनाकर उपलब्ध करवाया गया। अधिकारियों ने सेवानिवृत कर्मचारियों को यह भी समझाया कि हर वर्ष नवंबर में जो ऑफलाइन जीवित प्रमाण पत्र जमा करवाना पड़ता था, उसकी जगह अब वे घर बैठे मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन डीएलसी जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी और ऑनलाइन प्रक्रिया से प्रमाण पत्र आसानी व समय पर जमा हो सकेगा।
इस दौरान जोधपुर मंडल से रमेश मालाकार (वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी), दिनेश शर्मा (कर्मचारी कल्याण निरीक्षक), विकास मिठारवाल (लेखाकार), धर्मेंद्र कुलरिया (वरिष्ठ सहायक लेखाकार, एस बी आई), स्टेशन अधीक्षक सुरेश, वरिष्ठ बुकिंग बाबू हनुमान किरडोलिया, बुकिंग बाबू कृष्ण कुमार, अशोक कुमार सहित सेवानिवृत्त कर्मचारी भीयाराम लामरोड़, भंवरलाल मुवाल, मेघा राम, हीरा लाल, चुनी लाल आदि मौजूद रहे और उन्होंने ऑनलाइन डीएलसी प्रक्रिया की सराहना की। इस पहल से क्षेत्र के सैकड़ों पेंशनर्स को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

