'पेटीज खाने से गले में फंसा निवाला, 20 सेकेंड में तोड़ा दम': जयपुर के झोटवाड़ा में 12वीं के छात्र की दर्दनाक मौत; CCTV फुटेज आया सामने
जयपुर में पेटीज खाने के बाद 12वीं के छात्र की मौत: 20 सेकेंड में निढाल होकर गिरा, परिजनों का स्कूल के बाहर हंगामा और धरना
जयपुर / राजस्थान। राजधानी के झोटवाड़ा स्थित महाराणा प्रताप स्कूल में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 12वीं क्लास के 17 वर्षीय छात्र प्रिंस सोनी की मौत हो गई। घटना का दिल नहला देने वाला CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें छात्र लंच टाइम के दौरान पेटीज खाने के बाद अचानक गले में निवाला फंसने पर दौड़कर पानी पीने जाता है और महज 20 सेकेंड के भीतर टीचर के पास निढाल होकर गिर जाता है।
समय पर अस्पताल न पहुँचाए जाने के कारण छात्र की जान चली गई। घटना के विरोध में शुक्रवार को मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
CCTV में कैद हुई अंतिम साँसें
DCP (वेस्ट) प्रशांत किरण के अनुसार, झोटवाड़ा की बृजमण्डल कॉलोनी निवासी प्रिंस सोनी बुधवार दोपहर करीब 11 बजे अपने दोस्तों के साथ क्लास रूम में लंच कर रहा था। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि गले में पेटीज अटकने के बाद वह तुरंत पानी पीने बाहर भागा। दो बार गर्दन नीचे झुकाने के बाद वह वापस क्लास की तरफ लौट रहा था कि एक टीचर के पास गश्त खाकर गिर पड़ा। आरोप है कि स्टाफ उसे उठाकर ऑफिस ले गया, जहाँ इलाज में देरी के कारण उसकी मौत हो गई।
मां का रो-रोकर बुरा हाल, बोलीं— "मेरे बच्चे को हाथों से मार दिया"
शुक्रवार सुबह परिजनों और दोस्तों ने स्कूल परिसर के बाहर धरना दिया। मृतक की मां निर्मला सोनी ने रोते हुए स्कूल प्रशासन पर सीधे लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "स्कूल के बाहर गाड़ियाँ और बस खड़ी थीं, फिर भी मेरे बच्चे को समय पर अस्पताल क्यों नहीं पहुँचाया गया? इन्होंने मेरे बच्चे को अपने हाथों से मार दिया। मैं चाहती हूँ कि यह स्कूल तुरंत बंद हो और अन्य माँ-बाप अपने बच्चों को यहाँ से निकाल लें।"
FIR दर्ज, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर स्कूल प्रशासन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। DCP प्रशांत किरण ने बताया कि शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया गया है, जिसकी विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों और स्टाफ के बयानों के आधार पर गहनता से जांच कर रही है।

