गोविंदगढ़ के नसवारी गांव में ओड समाज की बड़ी पहल: मृत्यु भोज बंद कर मोक्ष धाम को भेंट की कुर्सियां, विधायक सुखवंत सिंह ने की सराहना
गोविंदगढ़ (अलवर):
अलवर जिले के गोविंदगढ़ उपखंड क्षेत्र के ग्राम नसवारी में ओड समाज ने सामाजिक कुप्रथाओं पर कड़ा प्रहार करते हुए एक अनुकरणीय पहल की शुरुआत की है। यहाँ स्वर्गीय नारायण दास मुड़ाई की पगड़ी रस्म के अवसर पर समाज ने मृत्यु भोज जैसी खर्चीली परंपरा को पूरी तरह बंद करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। शोकाकुल परिवार ने भोज के पारंपरिक आयोजन पर खर्च करने के बजाय मोक्ष धाम में विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए 5 सीमेंट की कुर्सियां भेंट की हैं।
आर्थिक बोझ से मुक्ति और समाज सुधार की दिशा में बड़ा कदम
ग्रामीण मंगल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि स्व. नारायण दास जी के सुपुत्रों द्वारा उठाया गया यह कदम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। समाज में लंबे समय से चली आ रही मृत्यु भोज की परंपरा के कारण शोकाकुल परिवारों पर अनावश्यक रूप से भारी आर्थिक बोझ पड़ता है। कई बार परिवारों को सामाजिक दबाव के चलते अपनी क्षमता से अधिक खर्च या कर्ज तक लेना पड़ जाता है। अपनों को खोने के गहरे दुख के समय परिवार पर ऐसा आर्थिक और सामाजिक दबाव डालना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
'मृत्यु भोज नहीं, शिक्षा और संस्कार को दें बढ़ावा'
इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज को आर्थिक जकड़न से मुक्त करना, नई पीढ़ी में शिक्षा एवं विकास को बढ़ावा देना और जरूरतमंद परिवारों को संबल प्रदान करना है। समाज के लोगों ने आमजन से अपील की है कि किसी की मृत्यु के अवसर पर केवल शोक संवेदना व्यक्त की जाए तथा मृतक की पुण्य स्मृति में पौधारोपण, गरीबों की सहायता, शिक्षा या अन्य जनकल्याणकारी कार्य किए जाएं। ओड समाज का यह संदेश अब दूर-दूर तक सराहा जा रहा है।
विधायक सुखवंत सिंह समेत कई गणमान्य रहे मौजूद
सामाजिक सुधार के इस महत्वपूर्ण अवसर पर ओड समाज के इस निर्णय की सराहना करने के लिए रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक सुखवंत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उनके साथ कुंदन लाल, रामस्वरूप, गरीबचंद, सुरेश चंद (अध्यापक), रुड़ चंद, मंगल मास्टर, अमरचंद, नकुल, इंदरजीत मजोका और पुरंदर (अध्यापक) सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और समाजबंधु मौजूद रहे।

