राजगढ़ के छाहर्रीन धाम पर कलश यात्रा के साथ तीन दिवसीय मेला शुरू
राजगढ़ (अलवर/अनिल गुप्ता) राजगढ़-माचाड़ी सड़क मार्ग स्थित प्रसिद्ध छाहर्रीन धाम पर दक्षिण मुखी हनुमान जी महाराज के वार्षिक मेले व दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत भव्य ध्वज एवं कलश यात्रा के साथ हुई।
रविवार सुबह कांकवाड़ी बाजार स्थित सिद्ध पीठ हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद हनुमान जी महाराज के जयकारों के साथ यात्रा रवाना हुई। यात्रा में सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। रंग-बिरंगी पोशाकों में सिर पर कलश धारण किए महिलाएं और हाथों में ध्वजा लिए श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई यह यात्रा छाहर्रीन धाम पहुंची, जहां पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हनुमान जी महाराज के शिखर पर ध्वजा फहराई। इसके साथ ही मंदिर परिसर में अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया।
छाहर्रीन धाम के महंत पंडित रामावतार शर्मा ने बताया कि 14 सितंबर को मंदिर परिसर में विशाल हवन, सुंदरकांड पाठ तथा महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। वहीं 15 सितंबर को हनुमान जी का अलौकिक श्रृंगार कर मुख्य मेले का आयोजन होगा। 15 सितंबर दोपहर 3 बजे कस्बे की सैनी धर्मशाला से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें कई झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

