रामगढ़ में सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक चेयरमैन संजय नरुका का सम्मान; बोले- फूल-मालाओं का खर्च ‘वेस्ट ऑफ मनी’, किसानों के हित में हो उपयोग
रामगढ़ / अलवर (राधेश्याम गेरा)
रामगढ़ में जिला स्तरीय सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के निर्विरोध निर्वाचित चेयरमैन संजय नरुका के स्वागत और अभिनंदन के लिए एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक सुखवंत सिंह सहित विभिन्न को-ऑपरेटिव सोसायटियों के अध्यक्ष, सचिव, बैंक डायरेक्टर और कई गणमान्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अनावश्यक खर्चों से बचने की नसीहत
समारोह को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित चेयरमैन संजय नरुका ने अनूठी मिसाल पेश करते हुए कहा कि सम्मान भावनाओं से किया जाए तो ज्यादा बेहतर है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वागत-समारोह के नाम पर फूल-मालाओं और साफा बंधवाने पर किया जाने वाला अनावश्यक खर्च पूरी तरह ‘वेस्ट ऑफ मनी’ है। उन्होंने अपील की कि इस तरह के प्रदर्शन पर खर्च होने वाली राशि को बचाकर उसका उपयोग बैंक, सोसायटी और सीधे तौर पर किसानों के हित में किया जाना चाहिए।
बैंक की आय बढ़ाने और ऋण योजनाओं पर जोर
नरुका ने कहा कि आने वाले समय में बैंक की आय बढ़ाने के लिए एक नई नीति के तहत काम किया जाएगा। बैंक का टर्नओवर 1 लाख करोड़ रुपये तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए लघु उद्योगों, कार-ट्रैक्टर जैसे वाहनों और मकान निर्माण के लिए आसान ऋण उपलब्ध कराने की योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने डेयरी संस्थाओं से भी बैंक के माध्यम से लेन-देन बढ़ाने की अपील की और प्रशासनिक व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का ऐलान किया।
खाद की आपूर्ति और सोसायटियों का विकास
किसानों की मुख्य समस्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रासायनिक खाद की उपलब्धता बढ़ाने के लिए इफको (IFFCO) और कृभको (KRIBHCO) से आपूर्ति बढ़ाने के विशेष प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की कि वे जरूरत से ज्यादा खाद खरीदकर उसका स्टॉक न करें।
चेयरमैन ने घोषणा की कि मुनाफे में चल रही को-ऑपरेटिव सोसायटियों में लाभांश (डिविडेंड) बांटा जाएगा, जिससे सोसायटियों और किसानों दोनों को आर्थिक लाभ मिलेगा। जिन सोसायटियों के पास अपने गोदाम नहीं हैं और जमीन उपलब्ध है, उन्हें प्राथमिकता से भूमि आवंटित कराने के प्रयास किए जाएंगे।
विधायक और सरस डेयरी चेयरमैन के संबोधन
सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान ने जानकारी दी कि जिन ग्राम पंचायतों में अभी डेयरी सोसायटी नहीं हैं, वहां नई सोसायटियां खोली जाएंगी। साथ ही डेयरी से एक वर्ष से अधिक समय से जुड़े किसानों की बेटियों की शादी पर 21 हजार रुपये की सहायता और बेटी के जन्म पर उसके नाम 5500 रुपये की एफडी कराने की योजना के बारे में बताया।
विधायक सुखवंत सिंह ने सभी को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में सभी को साथ लेकर समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे। कार्यक्रम को पूर्व अध्यक्ष मनीष शास्त्री ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बैंक डायरेक्टर लक्ष्मण चौधरी, रीता सेठी, मंच संचालक एडवोकेट राजकुमार यादव सहित विभिन्न सोसायटियों के अध्यक्ष और सचिव बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

