तखतगढ़ नगर पालिका में 'शहरी सेवा शिविर 2026' का शानदार आगाज, पहले ही दिन आमजन को मिली बड़ी राहत
पट्टे, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और पीएम स्वनिधि ऋण आवेदनों का मौके पर ही हुआ त्वरित निस्तारण, पालिका प्रशासन की मुस्तैदी से खिले चेहरे
तखतगढ़ (बरकत खान)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जन-समस्याओं के मौके पर ही त्वरित समाधान के उद्देश्य से नगर पालिका सभागार में भव्य 'शहरी सेवा शिविर 2026' का आयोजन किया गया। शिविर के प्रथम दिवस ही प्रशासनिक मुस्तैदी और अधिकारियों की संवेदनशीलता के चलते आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और नगरीय सेवाओं का सीधा लाभ मिला। शिविर में भूमि संबंधी मामलों से लेकर विभिन्न आवश्यक प्रमाण पत्र और वित्तीय सहायता के प्रकरणों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया गया।
प्रथम दिवस की प्रगति रिपोर्ट: प्राप्त एवं निस्तारित आवेदन
शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं और प्रमाण पत्रों के कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर नगर पालिका टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया। आंकड़ों का विवरण इस प्रकार है:
- कृषि भूमि पट्टा: 05 आवेदन प्राप्त — 05 निस्तारित
- धारा 69-ए (69 A) पट्टा: 02 आवेदन प्राप्त — 02 निस्तारित
- विवाह पंजीकरण: 01 आवेदन प्राप्त — 01 निस्तारित
- जन्म प्रमाण पत्र: 02 आवेदन प्राप्त — 02 निस्तारित
- मृत्यु प्रमाण पत्र: 01 आवेदन प्राप्त — 01 निस्तारित
- पीएम स्वनिधि (प्रथम किस्त ₹15,000): 01 आवेदन प्राप्त — 01 निस्तारित
- भूखंडों का उप-विभाजन / पुनर्गठन: आवेदन प्राप्त कर पंजीकरण की प्रक्रिया जारी की गई।
इन सेवाओं का भी शिविर में होगा वृहद स्तर पर निस्तारण
शिविर प्रशासन ने बताया कि आगामी दिनों में भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इसमें मुख्य रूप से भूमि रूपांतरण (भू-उपयोग परिवर्तन), लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे, स्टेट ग्रांट एक्ट के तहत पट्टे, नामांतरण (म्यूटेशन), खांचा भूमि आवंटन, लीज मुक्त प्रमाण पत्र व ब्याज में छूट, तथा भवन निर्माण स्वीकृति जैसे अहम कार्य किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने हेतु बड़े स्तर पर साफ-सफाई, सीसी व डामर सड़क मरम्मत (पैच वर्क), स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने, नालियों की मरम्मत, फेरोकवर व मैनहोल ठीक करने, आवारा पशुओं को पकड़ने, जन्म-मृत्यु व विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड व साइनेज लाइसेंस, मोबाइल टावर एनओसी तथा ईडब्ल्यूएस (EWS) प्रमाण पत्र जारी करने के कार्य भी मुस्तैदी से संपादित किए जा रहे हैं। शिविर के दौरान नगर पालिका के समस्त अधिकारी व कर्मचारी पूर्ण सेवाभाव के साथ उपस्थित रहे।
शहरी सेवा शिविर 2026: सफलता की कहानियां (Success Stories)
कथा 1: महज 7 मिनट में जारी हुआ नन्हे वैभव का जन्म प्रमाण पत्र, तखतगढ़ पालिका ने पेश की मिसाल
-
लाभार्थी: शिशु वैभव राठौड़ (पिताश्री शम्भूराम, दादाश्री कालूराम), मूल निवासी: ग्राम झलारिया, तहसील भनियाणा, जिला जैसलमेर
प्रशासनिक तत्परता की मिसाल: जैसलमेर के भनियाणा अंतर्गत झलारिया निवासी शम्भूराम जब अपने पुत्र वैभव के जन्म प्रमाण पत्र के लिए भटक रहे थे, तब उन्होंने तखतगढ़ नगर पालिका के 'शहरी सेवा शिविर' में अपना आवेदन प्रस्तुत किया। शिविर नोडल प्रभारी रतन साखला, सह-प्रभारी राजेंद्र कुमार नामा एवं समन्वय के रूप में गोपाल चौहान की टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए डिजिटल विंडो पर तत्काल कार्रवाई शुरू करवाई।
आश्चर्यजनक रूप से, आवेदन जमा होने के महज 7 मिनट के भीतर सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर जन्म प्रमाण पत्र प्रिंट कर लाभार्थी के हाथों में सौंप दिया गया। इतनी त्वरित सरकारी सेवा देखकर शम्भूराम भावुक हो गए। उन्होंने इसे सुशासन का सच्चा रूप बताते हुए राज्य सरकार एवं नगर पालिका तखतगढ़ प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया।
कथा 2: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से 24 घंटे में मिला ₹15,000 का ऋण, ओंकाराम का आत्मनिर्भरता का सपना हुआ साकार
-
लाभार्थी: ओंकाराम पुत्रश्री देवाराम, निवासी: टास्कावास, तखतगढ़
आर्थिक संबल की कहानी: स्थानीय टास्कावास निवासी ओंकाराम अपने छोटे व्यवसाय को गति देने के लिए वित्तीय सहायता की तलाश में थे। 'शहरी सेवा शिविर 2026' के तहत आयोजित 'पीएम स्वनिधि लोक कल्याण मेला व महोत्सव' उनके लिए वरदान साबित हुआ। ओंकाराम ने शिविर के प्रथम दिवस ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत प्रथम किस्त के तहत ₹15,000 के ऋण हेतु आवेदन किया।
नगर पालिका की विशेष ऋण मित्र टीम ने त्वरित बैंक समन्वय स्थापित कर 24 घंटे के भीतर ऋण राशि की स्वीकृति एवं वितरण प्रक्रिया को अमलीजामा पहना दिया। शिविर स्थल पर ही त्वरित ऋण राहत पाकर ओंकाराम के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती थी। उन्होंने त्वरित कार्रवाई और सहयोग के लिए माननीय मुख्यमंत्री, राज्य सरकार और नगर पालिका प्रशासन का सहृदय आभार प्रकट किया।


