भरतपुर में मास्टर प्लान के तहत सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई तेज: आर.बी.एम. से चांदपोल तक हटाए गए अतिक्रमण, सिंगल ऑयल मिल को तीन दिन की मोहलत
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 12 अक्टूबर
भरतपुर विकास प्राधिकरण (BDA) द्वारा शहर में मास्टर प्लान के अनुरूप यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई तेजी से जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को आर.बी.एम. अस्पताल से चांदपोल के मध्य 36 मीटर चौड़ाई में सड़क चौड़ीकरण का कार्य करवाते हुए बीडीए की टीम ने बुलडोजर चलाकर कई अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण हटाए। सड़क के मध्य बिंदु से दोनों ओर 18-18 मीटर के दायरे में आने वाले अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे।
सिंगल ऑयल मिल को दी गई तीन दिन की मोहलत
सोमवार को बीडीए तहसीलदार मनीष मीणा के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम जब आर.बी.एम. से चांदपोल मार्ग पर कार्रवाई करने पहुँची, तो रास्ते में स्थित सिंगल ऑयल मिल द्वारा किए गए अतिक्रमण का मामला सामने आया। टीम की मौजूदगी को देखते हुए ऑयल मिल मालिक ने स्वयं अपने स्तर पर ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। प्राधिकरण अधिकारियों ने मिल संचालक को शेष अतिक्रमण हटाने के लिए तीन दिन की मोहलत दी है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो प्राधिकरण द्वारा नियमानुसार सख्त कार्रवाई करते हुए मलबा हटाया जाएगा।
काली बगीची से कोठारी स्टोन तक हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान काली बगीची से कोठारी स्टोन के बीच सड़क के दोनों ओर लगभग 150 फीट के क्षेत्र में किए गए अवैध कब्जों को भी पूरी तरह साफ किया गया। स्टोन व्यवसाय से जुड़े कुछ व्यापारियों द्वारा सड़क सीमा के भीतर ही पत्थरों की पट्टियां और निर्माण सामग्री रखी गई थी, जिसे जेसीबी की मदद से हटवाया गया ताकि सड़क चौड़ीकरण के कार्य में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
प्राधिकरण की सख्त अपील
भरतपुर विकास प्राधिकरण ने क्षेत्र के सभी संबंधित व्यक्तियों और व्यवसायियों से अपील की है कि वे सड़क सीमा या मास्टर प्लान की भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को स्वतः ही हटा लें, ताकि शहर के विकास कार्यों और सुगम यातायात के मार्ग को समय पर पूरा किया जा सके। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

