गोविंदगढ़ पंचायत समिति चुनाव: पहले तीन दिन सन्नाटा, चौथे दिन दाखिल हुए 19 नामांकन; एनओसी नहीं मिलने पर भड़के लोग
गोविंदगढ़ (अलवर)।
गोविंदगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में प्रथम चरण के चुनावों के लिए सुस्त पड़ी नामांकन प्रक्रिया आखिरकार सोमवार को तेजी पकड़ गई। गुरुवार से शुरू हुई इस प्रक्रिया में शुरुआती तीन दिनों (गुरुवार से शनिवार) तक एक भी उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया था, लेकिन सोमवार को कुल 15 पंचायत समिति सदस्यों के लिए 19 नामांकन दाखिल किए गए।
एसडीएम अभिषेक चारण ने दी जानकारी
उपखंड अधिकारी अभिषेक चारण ने बताया कि सोमवार को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल करने का समय तय किया गया था। इस दौरान विभिन्न उम्मीदवारों द्वारा कुल 109 फॉर्म प्राप्त (लिए) किए गए और निर्धारित समयावधि तक 19 नामांकन विधिवत दाखिल किए गए। उन्होंने बताया कि नामांकन का कल (मंगलवार) अंतिम दिन है, और दोपहर 3:00 बजे तक उम्मीदवार अपने पर्चे दाखिल कर सकेंगे।
एनओसी की लेटलतीफी से भड़के ग्रामीण, लगानी पड़ी गुहार
नामांकन प्रक्रिया के दौरान व्यवस्थाओं में बड़ी खामी देखने को मिली। स्थानीय निवासी हरलाल वर्मा ने बताया कि नामांकन दाखिल करने से ठीक पहले पंचायत समिति से आवश्यक 'अनापत्ति प्रमाण पत्र' (NOC) न मिलने के कारण उम्मीदवारों और उनके समर्थकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कार्यालय में कोई भी कर्मचारी समय पर एनओसी देने के लिए मौजूद नहीं था, जिससे दोपहर 1:00 बजे तक एक भी एनओसी जारी नहीं हो सकी और फॉर्म जमा करने में बाधा आई।
परेशान लोगों ने जब इस मामले की शिकायत उपखंड अधिकारी (SDG) से की, तब जाकर पंचायत समिति कार्यालय से एनओसी जारी होनी शुरू हुई। दूर-दराज से महिलाओं को साथ लेकर पहुंचे उम्मीदवारों ने रोष जताते हुए कहा कि एनओसी मिलने में हुई इस देरी के कारण कई लोग आज फॉर्म नहीं भर पाए, जिससे उन्हें मंगलवार को दोबारा चक्कर काटने पड़ेंगे।
वार्डवार दाखिल हुए नामांकन और आरक्षण की स्थिति
गोविंदगढ़ पंचायत समिति के कुल 15 वार्डों के लिए चुनाव होने हैं, जिसमें प्रधान पद जनरल महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
सोमवार को विभिन्न वार्डों से निम्नलिखित नामांकन दाखिल किए गए:-
वार्ड 3: 1 नामांकन
वार्ड 4: 1 नामांकन
वार्ड 5: 1 नामांकन
वार्ड 6: 2 नामांकन
वार्ड 8: 3 नामांकन
वार्ड 10: 1 नामांकन
वार्ड 12: 2 नामांकन
वार्ड 13: 1 नामांकन
वार्ड 14: 4 नामांकन
वार्ड 15: 3 नामांकन
अंतिम दिन मंगलवार को नामांकन की गति और तेज रहने की उम्मीद है, जिसके बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।

