ऐतिहासिक श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशुमेले का 15 अक्टूबर से होगा भव्य आगाज: एडीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध व्यवस्थाओं के निर्देश
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 12 अक्टूबर
भरतपुर की रियासतकालीन ऐतिहासिक एवं परंपरागत श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला-2026 का भव्य शुभारंभ आगामी 15 अक्टूबर से होने जा रहा है। मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को अतिरिक्त कलक्टर (प्रशासन) राजीव शर्मा की अध्यक्षता में सांस्कृतिक कार्यक्रम उप समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट कक्ष में आयोजित की गई।
समयबद्ध और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के निर्देश
बैठक के दौरान एडीएम प्रशासन राजीव शर्मा ने पुलिस, पर्यटन, पशुपालन और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन समय पर सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह मेला न केवल आमजन के मनोरंजन और स्वरोजगार का महत्वपूर्ण साधन है, बल्कि इससे शहरवासियों की गहरी भावनाएं जुड़ी हुई हैं। एडीएम ने पुलिस अधिकारियों को मेले के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और यातायात को सुगम बनाने के निर्देश दिए ताकि आने वाले सैलानियों और पशुपालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
15 अक्टूबर को होगा पारंपरिक ध्वजारोहण
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक एवं मेला अधिकारी डॉ. अरविंद सिंह चौधरी ने बैठक की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि मेले का उद्घाटन 15 अक्टूबर (गुरुवार) को प्रातः 8:30 बजे जिला कलक्टर एवं मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष कमर चौधरी के मुख्य आतिथ्य में श्री जसवंत प्रदर्शनी स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चारण और पारंपरिक ध्वजारोहण के साथ किया जाएगा।

