जिला कलक्टर कमर चौधरी की सख्त हिदायत: नवजातों व हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की हो नियमित मॉनिटरिंग, सीएम पोर्टल के परिवादों का हो त्वरित निस्तारण

Oct 12, 2026 - 19:24
 0
जिला कलक्टर कमर चौधरी की सख्त हिदायत: नवजातों व हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की हो नियमित मॉनिटरिंग, सीएम पोर्टल के परिवादों का हो त्वरित निस्तारण

भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 12 अक्टूबर

जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा, कृषि, विद्युत, पेयजल, सड़क और चिकित्सा समेत विभिन्न विभागों के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा केंद्र व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं, रैंकिंग सुधारने पर जोर

जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार कार्य करें और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भरतपुर जिले को राज्य स्तरीय रैंकिंग में अग्रणी स्थान पर लाने के लिए सभी अधिकारी समन्वित प्रयास करें। सीएम पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारी परिवादों को क्षेत्रवार वर्गीकृत कर मैपिंग करें और वास्तविक फीडबैक के आधार पर कार्रवाई करें। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित परिवादों की संयुक्त टीम से जांच कराकर रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी दिए।

नवजातों और हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की हो नियमित निगरानी

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जनाना अस्पताल स्थित नीकू-पीकू वार्ड में भर्ती कम वजन वाले बच्चों की आगामी एक माह तक प्रत्येक तीन दिन में संयुक्त मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं, कम वजन वाले शिशुओं, एमएमआर और एनीमिया से जुड़ी स्वास्थ्य स्थितियों की ऑडिट रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, रूपवास और सेवर ब्लॉक में स्कूली बच्चों के लिए ब्लू एवं पिंक टैबलेट के वितरण के भी निर्देश दिए गए ताकि बच्चों में खून की कमी (एनीमिया) की रोकथाम की जा सके।

उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक और विकास कार्यों में तेजी

कृषि विभाग को निर्देश दिए गए कि किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के साथ-साथ इसकी कालाबाजारी रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाए। वहीं, विद्युत विभाग के अधिकारियों को बयाना में 33 केवी ग्रिड सब स्टेशन के कार्य में तेजी लाने और सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने को कहा गया।

बैठक में सीईओ मृदुल सिंह, एडीएम प्रशासन राजीव शर्मा, शहर राहुल सैनी, प्रशिक्षु आईएएस भानु शर्मा, एसीईओ रेखा रानी, उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई, एसई विद्युत अनिल टोडवाल और जिला शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र गोपालिया सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................