भीलवाड़ा में 'वोकल फॉर लोकल' का महाकुंभ: 1 से 10 जनवरी तक सजेगा 'अखिल भारतीय स्वदेशी मेला', कार्यालय का हुआ भव्य उद्घाटन
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल)
भीलवाड़ा के आजाद नगर स्थित गौतम आश्रम (जी सेक्टर) में रविवार को 'अखिल भारतीय स्वदेशी मेला' के कार्यालय का भव्य उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ संपन्न हुआ। स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के मेले का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' (Vocal for Local) और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाना है। आगामी 1 जनवरी से 10 जनवरी 2027 तक यह भव्य मेला आजाद नगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
संतों और अतिथियों के कर-कमलों से हुआ शुभारंभ
कार्यालय का उद्घाटन समारोह श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर हंसराम जी उदासीन के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर महाराज जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि देश में निर्मित स्वदेशी वस्तुओं और स्थानीय कारीगरों को एक बेहतर राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी जनवरी में लगने वाले इस मेले में लगभग 1000 स्टॉल लगाई जाएंगी, जहाँ देश-विदेश और स्थानीय उत्पादों की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।
जैविक कृषि और शिक्षा पर विशेष बल
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि इस मेले के माध्यम से जैविक कृषि और ग्रामीण उत्पादों को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में 'जीवन विद्या' को लागू करने पर भी विशेष जोर दिया।
समारोह के दौरान अखिल भारतीय जनसंख्या की लाभांश प्रमुख डॉ. राजकुमार चतुर्वेदी द्वारा विशेष यज्ञ कर पूर्णाहुति दी गई, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
गरिमामयी उपस्थिति
उद्घाटन समारोह के दौरान चित्तौड़ प्रांत कार्यवाह शंकर लाल माली विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा डॉ. देवी लाल साहू, डॉ. भगवती लाल जागेटिया, राजेंद्र गहलोत, त्रिलोक क्षोत्रिय और अजय दरडा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
आयोजन समिति ने भीलवाड़ा जिले सहित आसपास के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस भव्य आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और स्वदेशी अपनाकर देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।

