प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सिरोही में आयोजित हुई 'सेवा ज्योति यात्रा' और 'विकसित भारत संकल्प सभा'
सिरोही / रमेश सुथार
भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में '25 वर्ष जनसेवा–राष्ट्रसेवा' के भाव को समर्पित 'सेवा ज्योति यात्रा' एवं 'विकसित भारत संकल्प सभा' का भव्य आयोजन पनिहारी गार्डन में किया गया।
"वी विल डू इट... हम करके दिखाएंगे" - पीएम मोदी
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि जन-जन का विश्वास और लाखों कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में 'वी विल डू इट... हम करके दिखाएंगे' का जिक्र करते हुए कहा, "जब तक भारत विकसित नहीं होता, तब तक न थकूंगा, न रुकूंगा।"
पीएम मोदी ने कहा कि वे महत्वाकांक्षा के लिए नहीं, बल्कि एक मिशन के लिए जीते हैं। 25 वर्षों के सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पिछला समय उपलब्धियों से ज्यादा कृतज्ञता का भाव लेकर आता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यों को जन-जन तक पहुँचाते हुए समाज के विभिन्न वर्गों को 'विकसित भारत 2047' के संकल्प से जोड़ना है।
निकाली गई सेवा ज्योति यात्रा
कार्यक्रम के अंतर्गत पनिहारी गार्डन से एक भव्य 'सेवा ज्योति यात्रा' शुरू हुई, जो माली छात्रावास होते हुए जेल चौराहा पहुँची। इस यात्रा में पदाधिकारियों ने हाथों में मशाल और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे थामे हुए पैदल यात्रा की और जेल चौराहे पर सेवा ज्योति स्थापित कर राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया।
विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में माटी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद टांक, प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित, भाजपा जिला अध्यक्ष रक्षा भंडारी, चुनाव प्रभारी शवसिंह राव और जिला सह प्रभारी आवडदान चारण ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सभी ने उपस्थित जनसमूह को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के संयोजक व जिला महामंत्री गणपतसिंह राठौड़ ने सभी का आभार व्यक्त किया, तथा मंच संचालन नरपतदान चारण ने किया। इस दौरान विधायक समाराम गरासिया, पंचायत चुनाव प्रभारी किशोर सिंह कानोड, जिला महामंत्री नरपत सिंह राणावत, नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य, भावना अग्रवाल, कुंदन अग्रवाल, राकेश रावल, अर्जुन पुरोहित सहित जिले के तमाम पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चों के जिलाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

