सिद्धपीठ सकरायधाम में आश्विन नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ; शतचंडी पाठ और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजा दरबार
उदयपुरवाटी /सुमेर सिंह राव
निकटवर्ती सकरायधाम सिद्धपीठ सकरायधाम स्थित माँ शाकम्भरी के पावन दरबार में आश्विन नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। माँ शाकम्भरी सेवा समिति, सकरायधाम (रजि.) के तत्वावधान में आयोजित इस नौ दिवसीय महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना एवं विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नवरात्र के आगमन के साथ ही पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा है। मंदिर को आकर्षक सजावट एवं रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
समिति अध्यक्ष *राजेश धानुका (अहमदाबाद)* एवं महासचिव *सुभाष अग्रवाल (सूरत)* ने बताया कि आश्विन नवरात्र महोत्सव 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 होगा, जिसमे 19 अक्टूबर को मैया के दरबार में महाष्टमी और 20 अक्टूबर को महानवमी का आयोजन होगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन माँ शाकम्भरी के दरबार का अलौकिक पुष्पों से मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर में नियमित रूप से दुर्गा सप्तशती का पाठ होगा तथा माँ को प्रतिदिन शीरा-पूड़ी एवं फलों का भोग अर्पित किया जाएगा। श्रद्धालु माँ के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
मंदिर के मुख्य द्वार को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है। रात्रि के समय रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता मंदिर परिसर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान कर रहा है। नवरात्र के अवसर पर सकरायधाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है और दूर-दराज के क्षेत्रों से भक्त माँ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
शतचंडी अनुष्ठान से भक्तिमय हुआ सकरायधाम
इस वर्ष सकरायधाम में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है। अनेक श्रद्धालुओं द्वारा माँ शाकम्भरी की आराधना के निमित्त *शतचंडी अनुष्ठान* का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, देश-विदेश से श्रद्धालु जात-जडूला सहित विभिन्न धार्मिक एवं पारिवारिक मांगलिक अवसरों पर माँ के दरबार में पहुंचकर अपनी श्रद्धा अर्पित कर रहे हैं। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठानों से सिद्धपीठ का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।
महाअष्टमी पर होंगे विशेष धार्मिक आयोजन
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत महाअष्टमी के पावन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती एवं सवामणी का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु माँ शाकम्भरी को चुनरी, शुद्ध घी, तेल, नारियल, हरी सब्जियां, फल, ड्राई फ्रूट्स एवं श्रृंगार सामग्री श्रद्धापूर्वक अर्पित करेंगे। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
समिति अध्यक्ष राजेश धानुका एवं महासचिव सुभाष अग्रवाल ने समस्त श्रद्धालुओं से नवरात्र महोत्सव में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर माँ शाकम्भरी के दर्शन करने तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि माँ शाकम्भरी का दरबार श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास एवं भक्ति का प्रमुख केंद्र है। नवरात्र महोत्सव जैसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन परंपराओं को सुदृढ़ करने के साथ समाज में धार्मिक चेतना, सद्भाव एवं एकता का संदेश भी देते हैं।

