खैरथल-तिजारा: साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर कड़े तेवर , संपर्क पोर्टल के फर्जी निस्तारण पर रोक, उर्वरक उपलब्धता और चुनाव तैयारियों के दिए निर्देश
खैरथल-तिजारा (हीरालाल भूरानी)
खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनसुनवाई, आगामी चुनावों की तैयारियों और कृषि व्यवस्थाओं सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने सभी विभागाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
संपर्क पोर्टल पर फर्जी 'रिलीफ' श्रेणी दर्ज करने पर रोक
जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवादियों को केवल कागजी नहीं, बल्कि वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खारिज या निरस्त किए गए आवेदनों को किसी भी परिस्थिति में ‘रिलीफ’ श्रेणी में न डाला जाए।
इसके साथ ही ‘Not Satisfied’ (असंतुष्ट) श्रेणी के मामलों की सख्त समीक्षा के निर्देश देते हुए हर जिला स्तरीय अधिकारी (DLO) को प्रति सप्ताह कम से कम तीन ऐसे प्रकरणों की खुद जांच कर अगली बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
"शिकायतों के निस्तारण में केवल खानापूर्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। परिवादी के संतुष्टि स्तर में सुधार ही प्रशासन की प्राथमिकता है।"
— जिला कलेक्टर, खैरथल-तिजारा
पंचायत राज चुनाव 2026: मतदान केंद्रों पर नेटवर्क और जनरेटर अनिवार्य
आगामी पंचायत राज आम चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों और उपखंड अधिकारियों (SDM) को फील्ड में उतरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों का व्यक्तिगत निरीक्षण कर मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी की जांच की जाए। साथ ही, मतदान दिवस पर बिजली व्यवस्था सुचारू रखने के लिए प्रत्येक बूथ पर जनरेटर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
फर्टिलाइजर टास्क फोर्स की बैठक: खाद का स्टॉक पर्याप्त
जिला स्तरीय फर्टिलाइजर डिस्ट्रीब्यूशन रेगुलेटरी टास्क फोर्स की बैठक में खाद (उर्वरक) की आपूर्ति और वितरण पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में किसानों की मांग के अनुसार यूरिया व डीएपी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। कृषि विभाग रोजाना खपत और उपलब्धता की निगरानी कर रहा है, इसलिए किसानों को खाद को लेकर चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।
कृषि उपज मंडी में प्याज की आवक को लेकर तैयारी के निर्देश
बैठक के दौरान आगामी प्याज फसल के सीजन को ध्यान में रखते हुए कृषि उपज मंडी के अधिकारियों को मंडी परिसर में शेड, पेयजल और सुरक्षा जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश किराड, कोषाधिकारी गोपाल कालरा, समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता रूप सिंह गुर्जर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अरविंद गेट, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता धर्मवीर यादव सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

