किशोरी उत्सव में चार्ट्स और मॉडल्स के जरिए विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, माताभर में किशोरी उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रवण राम स्वामी ने बताया कि इस उत्सव में जूनियर वर्ग एवं सीनियर वर्ग के कुल 42 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में ज़ोन प्रथम में रजिया, ज़ोन द्वितीय में चंचल तथा ज़ोन तृतीय में जान्ह्वी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में ज़ोन प्रथम में कोमल एवं हुस्ना, ज़ोन द्वितीय में नाजमीन तथा ज़ोन तृतीय में अलिसा प्रथम स्थान पर रहीं। उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक चार्ट्स एवं मॉडल्स तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों व विद्यालय स्टाफ सदस्यों ने मॉडल्स व चार्ट्स का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से संवाद कर उनके शालीन व प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण की सराहना की। समारोह में मुख्य अतिथि अब्दुल कयूम रंगरेज द्वारा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। प्रधानाचार्य ने जानकारी दी कि विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विजेता विद्यार्थी आगामी दिनों में आयोजित होने वाले ब्लॉक स्तरीय किशोरी मेले में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

