शनि अमावस्या पर गुरला के प्रसिद्ध हडूतिया बालाजी मंदिर में गूंजेगी जयकार: खीर का विशेष भोग और प्रसाद का होगा वितरण
गुरला (बद्री लाल माली)
नेशनल हाईवे 758 स्थित गुरला के शिव नगर में स्थित प्रसिद्ध हडूतिया बालाजी मंदिर में आज शनि अमावस्या के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
बालाजी महाराज को लगेगा खीर का विशेष भोग
मंदिर के पुजारी विनोद वैष्णव ने जानकारी देते हुए बताया कि शनि अमावस्या के इस पावन पर्व पर बालाजी महाराज को खीर का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात विधि-विधान के साथ महाआरती संपन्न होगी, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु शिरकत करेंगे। आरती के बाद उपस्थित सभी भक्तों में महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
हर शनि अमावस्या पर होते हैं विशेष आयोजन
पुजारी ने बताया कि मंदिर में हर शनि अमावस्या के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। इस बार भी पर्व को लेकर मंदिर समिति और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा चाक-चौबंद तैयारियां की गई हैं, ताकि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

